आजमगढ़। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को दो कोरोना संदिग्ध मरीज पहुंचे थे। दोनों को अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे को बुधवार को आरके फार्मेसी कालेज पर बनाए गए क्वारंटीन सेंटर पर भेज दिया गया। जहां उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को पहुंचे दो संदिग्ध मरीजों में एक की जहां सांस फूल रही थी और सीने में दर्द की शिकायत थी तो वहीं दूसरे को खांसी व बुखार था। पहला मरीज स्वयं जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा था और तीन चार दिन पूर्व मुंबई से वापस लौटे होने की बात बतायी थी। वहीं दूसरे मरीज को 108 नंबर एंबुलेंस फूलपुर क्षेत्र से लेकर आई थी। दोनों व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण दिखते ही इमरजेंसी में भर्ती मरीजों के साथ ही तैनात स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया था। इसमें से एक मरीज की जो तीन चार दिन पूर्व मुम्बई से लौटा था उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे को बुधवार को फार्मेसी कालेज सठियांव में क्वारंटीन करा दिया गया। इसके साथ ही उसका सैंपल भी जांच के लिए भेज दिया गया है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह हृदय रोग व शुगर का पुराना मरीज था। हर्ट अटैक के चलते उसकी मौत हुई है। वहीं दूसरे मरीज का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है।