बलरामपुर। सिधारी व मुबारकपुर थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक की जहां मौत हो गई वहीं तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 55 वर्षीया घुरभरी राम सब्जी विक्रेता है। सोमवार की सुबह वह पिकअप लेकर बेलईसा मंडी सब्जी लेने के लिए आया था। इसी दौरान हुसैनगंज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक छह पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी घटना मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुजिया मोड़ पर घटित हुई। कस्बा सराय गांव निवासी 32 वर्षीय दिनेश पुत्र विश्वनाथ पत्नी गीता देवी व बेटे रोहित को बाइक पर बैठा कर जा रहा था। खुजिया मोड़ के पास उसकी बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है।