आजमगढ़। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और युवती की अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण ढाई माह पुराना है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद से आरोपी की तलाश में लगी थी।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने बीते 26 फरवरी को स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे प्रेम जाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसी अश्लील वीडियो बना लिया और फिर उसे वायरल भी कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी सोनभद्र जिले में लुकछिप कर रह रहा है। सटीक सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाने की पुलिस जनपद से सोनभद्र के लिए रवाना हुई। सोनभद्र जनपद के अनपरा थाने की पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सहयोग मांगा गया। सोनभद्र पुलिस की मदद से सोमवार को आरोपी पकड़ में आ गया। गिरफ्तार आरोपी अर्जुन सरोज उर्फ सिंटू पुत्र घनश्याम सरोज गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बालडीह गांव का निवासी बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध पंजीकृत कई संगीन अभियोग के आधार पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।