बूढ़नपुर। विकास खंड कोयलसा के कोटवा जलालपुर क्षेत्र पंचायत सीट के लिए नौ मई को हुए पुनर्मतदान के बाद मंगलवार केे मतगणना का कार्य विकास खंड परिसर में सुबह आठ बजे शुरू हुआ। एक घंटे में ही मतगणना का कार्य पूरा कर लिया गया। इस मतगणना में सविता देवी को विजयी घोषित किया गया।
बुढ़नपुर क्षेत्र के विकासखंड कोयलसा के कोटवा जलालपुर क्षेत्र पंचायत सीट के लिए 19 अप्रैल को पूरे जनपद के साथ ही मतदान कराया गया था। वार्ड संख्या एक से सात तक मतपत्र सही पहुंचे थे लेकिन वार्ड संख्या आठ में चार प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न वाला मतपत्र पहुंच गया था। लोगों के विरोध के बाद भी यहां पर मतदान करा दिया गया। लेकिन जब दो मई को मतगणना शुरू हुई तो एजेंट ने विरोध कर दिया। इस पर आरओ ने वार्ड नंबर आठ की मतगणना को रोक दिया था। जिला प्रशासन की ओर से आयोग को पत्र के माध्यम से इसकी सूचना दी गई थी। आयोग ने यहां पर पुनर्मतदान का निर्देश दिया। नौ मई को मतदान कराया गया। कुल 165 मतदाताओं में 126 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मंगलवार की सुबह आठ बजे विकास खंड परिसर में मतगणना शुरू हुई जो एक घंटे में ही समाप्त हुई। इस मतगणना में सविता को 388 मत प्राप्त हुए। वहीं उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सिरपत्ती को 227 मत प्राप्त हुए। सविता ने सिरपत्ती को 61 मतों से पराजित किया। बूढ़नपुर तहसीलदार शक्ति प्रताप सिंह ने मतगणना में लगे कर्मचारियों को मतगणना सकुशल संपन कराने के लिए धन्यवाद दिया। आरओ नदीम ने जीते प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।