आजमगढ़। हौसला बुलंद बदमाशों ने बृहस्पतिवार को दिन में जनसेवा केंद्र संचालक को असलहे के बल पर आतंकित कर डेढ़ लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने जनसेवा केंद्र संचालक को लक्ष्य कर फायर भी किया। संयोग था कि गोली बाइक के टायर में लगी और बाइक पंचर हो गई। नकदी के साथ बदमाशों ने लैपटॉप, फिंगर प्रिंट व मोबाइल भी छीन लिया। लूट में प्रयुक्त बाइक को बरामद करने के साथ ही पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मेंहनगर थाना के दामा गांव निवासी जितेश सिंह धरनीपुर रानीपुर में जनसेवा केंद्र चलाता है। बृहस्पतिवार को वह एसबीआई गोसाई की बाजार शाखा से 83 हजार रुपये एटीएम व चेक के माध्यम से निकाला। इसके बाद वह घर पहुंचा और खाना खाने के बाद बैग में बैंक से निकाले 83 हाजार रुपये के साथ कुल डेढ़ लाख रखे। बैग में लैपटॉप, फिंगर प्रिंट मशीन भी रखा और बाइक से अपने जनसेवा केंद्र के लिए चल पड़ा। अभी वह गांव से कुछ ही दूर पहुंचा था कि पहले से ही घात लगा कर बैठे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और असलहा सटा दिया। इसके बाद रूपया, लैपटॉप व फिंगर प्रिंट मशीन रखे बैग के साथ ही मोबाइल छीन लिया। जितेश ने बदमाशों का विरोध किया तो उसे लक्ष्य कर फायर झोंक दिया। संयोग अच्छा था कि गोली उसे लगने के बजाए बाइक के टायर में लगी और बाइक पंचर हो गई। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए लालगंज की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने राहगीर की मोबाइल से पुलिस को सूचना दिया। दिन दहाड़े लूट की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी के अलावा मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में जितेश ने एक बाइक का नंबर बताया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि पीड़ित द्वारा बताए गए नंबर की बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही लूट की इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।