आजमगढ़। जिले में गोवंश संरक्षण के लिए डीएम की ओर से पहल की गई है। उन्होंने गोवंशों के संरक्षण के लिए 11 हजार रुपये का सहयोग देकर एक नई मुहिम की शुरूआत की।
बृहस्पतिवार को डीएम द्वार कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता की गई। जिसमें उन्होंने जिले के अधिकारियों से गोवंश संरक्षण के लिए अधिकारियों से एक दिन का वेतन देने की अपील की। खुद उन्होंने 11 हजार रुपये का सहयोग देकर इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गौवंश का सरंक्षण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिले के लोगों से भी अपील किया कि उनकी जो भी क्षमता है उसके हिसाब से धनराशि दे सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में 52 गो आश्रय स्थल हैं और इनमें छह हजार गौवंशों को रखा गया है। आज पहले दिन आबकारी विभाग ने 52 हजार, जिला पंचायत 33 हजार, पशुपालन विभाग 35 हजार, एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा ने पांच हजार, सीडीओ आनंद शुक्ला ने 11 हजार, डीपीआरओ ने छह हजार, डीसी मनरेगा ने पांच हजार रूपए का सहयोग दिया। इस प्रकार पहले ही दिन एक लाख 53 हजार से अधिक रूपए का सहयोग मिला है।