जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने गुरुवार को बिजली विभाग के स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान गड़बड़ी और शिकायत मिलने पर एक जेई को निलंबित किया। जबकि दूसरे जेई का वेतन रोकने का निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
जिलाधिकारी ने स्टोर इंचार्ज डीडी सिंह से सामानों की विस्तृत जानकारी हासिल की। स्टोर इंचार्ज से पता चला कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्त सामान स्टोर में उपलब्ध है। किसी सामान की कोई कमी नहीं है। छोटे से बड़े ट्रांसफार्मर की उपलब्धता की जानकारी डीएम को दी गई। बताया गया कि ट्रांसफार्मर जलने कि शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदल दिया जाता है। डीएम ने लालगंज तहसील के ग्रामीण पुनीत सिंह से यहां आने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि वह लोग चंदा लगाकर पोल लेने आए हुए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने जेई बर्नवाल को निलंबित करने का निर्देश दिया। तहसील फूलपुर के गंडी गांव निवासी रोशन मास्टर एवं समसुद्दीन ने बताया कि ट्रांसफार्मर के लिए तेल लेने आए हैं। इस पर डीएम ने संबंधित जेई एसपी यादव का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने स्टोर इंचार्ज को भविष्य में विद्युत से संबंधित शिकायत न मिलने की हिदायत दी। कहा कि निर्धारित एजेंसी के वाहन से ही सामानों की आपूर्ति की जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 दिन की मोहलत दी। कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधिशासी अभियंता ओपी राम, अधिशासी अभियंता एएच खान, रामपाल आदि मौजूद थे।