आजमगढ़। जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यालय में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी अशोक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में पार्टी के 45वें स्थापना दिवस और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत योजना तैयार की गई।
जिला प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि छह अप्रैल को भाजपा का 45वां स्थापना दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। इस दिन कार्यकर्ताओं को अपने कार्यालयों और घरों पर भाजपा का झंडा फहराना होगा। साथ ही, ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर #bjp4viksitbharat हैशटैग के साथ पोस्ट करने का आह्वान किया गया। जिला स्तर पर भाजपा की सफल यात्रा की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। बूथ समिति के सदस्य, पन्ना प्रमुख, प्राथमिक व सक्रिय सदस्यों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण होगा। घरों पर झंडा फहराकर स्थापना दिवस उत्सव के रूप में मनाया जाएगा और इसे सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। 8 से 9 अप्रैल के बीच विधानसभा स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा।
7 से 12 अप्रैल तक गांव चलो अभियान के तहत मंडल अध्यक्ष स्तर से ऊपर के कार्यकर्ता गांवों और वार्डों में प्रवास करेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों से मुलाकात, भाजपा ध्वज के साथ शोभायात्रा, चौपाल, स्वच्छता अभियान, और सरकारी संस्थाओं का दौरा किया जाएगा। आपातकाल सेनानियों, कारसेवकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी होगा।
13 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विशेष आयोजन होंगे। 13 अप्रैल को उनकी प्रतिमा और परिसर की स्वच्छता के साथ दीप प्रज्वलन होगा। 14 अप्रैल को माल्यार्पण, संविधान की प्रस्तावना का वाचन और अनुसूचित बस्तियों में स्वच्छता कार्य होगा। 15 से 25 अप्रैल तक विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने बताया कि कार्यक्रमों की सफलता के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं। स्थापना दिवस के लिए नागेंद्र पटेल संयोजक, पूनम सिंह, बृजेश यादव और मयंक गुप्ता सह-संयोजक होंगे। महिला जनसंपर्क के लिए विभा बर्नवाल संयोजक, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के लिए अवनीश मिश्रा संयोजक, और अंबेडकर जयंती के लिए नन्हकूराम सरोज संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
कार्यशाला में श्रीकृष्ण पाल, घनश्याम पटेल, राधेश्याम सिंह गुड्डू, लक्ष्मण मौर्य, सत्येंद्र राय, हरेंद्र सिंह, डॉ. श्याम नारायण सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश राय, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, कल्पनाथ पासवान आदि उपस्थित थे।