आजमगढ़। वर्तमान कोरोना संक्रमण को देखते हुए जेल प्रशासन ने इटौर स्थित जेल के सामने स्थित बाल सुधार भवन में अस्थायी जेल बनाया हुआ है। यहां की व्यवस्थाओं का शुक्रवार को एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह व एसपी सिटी पंकज पांडेय ने जायजा लिया।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन के निर्देश पर हर जिलों में अस्थायी जेल स्थापित किया गया है। जिले में भी जेल के सामने स्थित बाल सुधार गृह के खाली पड़े भवन में अस्थायी जेल संचालित है। इस जेल में वर्तमान में लगभग डेढ़ सौ बंदी है। शासन के निर्देश पर एसपी सिटी व एडीएम प्रशासन की संयुक्त टीम ने अस्थायी जेल का निरीक्षण किया और बंदियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। इसके साथ ही शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप अस्थायी जेल परिसर के सभी बैरकों का लगातार सेनेटाइजेशन कराने का निर्देश दिया गया। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर कोरोना से बचाव के उपयों की पड़ताल के लिए वे और एडीएम प्रशासन अस्थायी जेल पहुंचे थे।