कमिश्नर के निरीक्षण के बाद रविवार को छुट्टी के दिन भी राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी अभिलेख आदि दुरुस्त करने में जुटे रहे। जिलाधिकारी ने भी कलक्ट्रेट पहुंच एसएलओ दफ्तर और रिकार्ड रूम का जायजा लिया। इसके साथ ही सभी को आवश्यक निर्देश जारी किए।
कमिश्नर के. रविंद्र नायक ने शनिवार को कलक्ट्रेट भवन का निरीक्षण कर अभिलेखों आदि की जांच की थी। साथ ही रिकार्ड रूम में अभिलेखों को तहसीलवार दुरुस्त करने को कहा था। नतीजा ये रहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रविवार को छुट्टी के दिन भी कलक्ट्रेट में कार्य करते दिखे।
जिलाधिकारी ने भी कलक्ट्रेट पहुंच कार्यों का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी सीबी सिंह ने बताया कि अभिलेखों को तहसीलवार रखने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी तहसीलदार को लेखपालों के साथ रविवार को रिकार्ड दुरुस्त करने को कहा गया है।
रविवार को सदर तहसील के लेखपालों की ओर से रिकार्ड को दुरुस्त किया जा रहा था। इस दौरान बंदोबस्त अधिकारी श्रीप्रकाश राय, एसडीएम सदर प्रशांत कुमार आदि मौजूद थे। वहीं, एसएलओ दफ्तर में मुआवजा वितरण का कार्य किया गया। यहां सीआरओ आलोक वर्मा अधीनस्थों के साथ डटे रहे। एडीएम वित्त एवं राजस्व वीके गुप्ता भी अधीनस्थों के साथ कार्य में जुटे रहे।