शहर के कांशीराम कालोनी में पुलिसकर्मियों को जानकारी देते एसपी सिटी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। केंद्र सरकार द्वारा लॉक डाऊन की समय सीमा बढ़ा दिये जाने के बाद पुलिस महकमा भी सक्रिय हो गया है। एसपी त्रिवेणी सिंह ने लॉक डाऊन का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई का फरमान जारी कर दिया है। गलियों में खेलने व सड़कों पर तफरी करने वालों का अब चालान करने के साथ ही गिरफ्तारी भी की जायेगी।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। और इसके कड़ाई से अनुपालन का संदेश भी दिया। ऐसे में लॉक डाउन के दौरान गलियों में क्रिकेट, फुटबाल, ताश, लूड़ो आदि सामूहिक रूप से खेलने वालों व सड़कों पर सामान खरीदारी के नाम पर तफरी करने वाले युवाओं पर लगाम कसने की रणनीति तय की गई है। इसके तहत ऐसे लोगों का चालान करने और गिरफ्तार करने का फरमान मंगलवार को एसपी ने जारी कर दिया। एसपी का निर्देश आते ही शहर कोतवाली पुलिस अनुपालन में जुट गई। कांशीराम आवास व सफाई कर्मचारी कालोनी में पुलिस ने चक्रमण किया और इस दौरान सामूहिक रूप से खेलकूद व तफरी करने में जुटे लोगों के खिलाफ कार्रवाई किया।
सुबह से ही चौराहों-तिराहों पर सक्रिय नजर आयी पुलिस
आजमगढ़। लाकडाउन के दौरान पुलिस प्रशासन ने हर चौराहे-तिराहे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। थानाध्यक्षों के साथ ही चौकी प्रभारी मंगलवार की सुबह से ही सक्रिय नजर आये। दो व चार पहिया से सड़क पर निकलने वालों की सूची बनाने के साथ ही उनका चालान भी किया गया। वहीं पैदल घरों से बाहर निकले लोगों से भी सख्ती से पूछताछ की जा रही थी। मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक पुलिस महकमे की सक्रियता नजर आयी।