आजमगढ़। दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के लिए अब जिले में दिव्यांग बोर्ड की बैठक सप्ताह में दो दिन के बजाय चार दिन होगी।
ये बैठक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को ओपीडी समाप्त होने के बाद मंडलीय जिला चिकित्सालय में होगी। .
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि यूडीआईडी पोर्टल पर बड़ी संख्या में ऐसे आवेदन लंबित हैं। इनमें आवेदक अब तक दिव्यांग बोर्ड के समक्ष चिकित्सीय परीक्षण के लिए उपस्थित नहीं हो सके हैं। इस कारण दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड जारी होने में देरी हो रही है।
पात्र दिव्यांगजन विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने लंबित आवेदकों से अपील किया कि वे निर्धारित चार दिनों में दिव्यांग बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर चिकित्सीय परीक्षण कराएं, ताकि उनके प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड शीघ्र जारी किए जा सकें। संवाद