फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से नवोदित खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़।
विज्ञापन

जिले को पहली बार पं. दीनदयाल उपाध्याय पुरुष राज्यस्तरीय सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने जा रही है। सितंबर-अक्तूबर में प्रस्तावित इस प्रतियोगिता से जिले में क्रिकेट का माहौल बनेगा। वहीं, स्थानीय नवोदित खिलाड़ियों को प्रदेश के अनुभवी क्रिकेटरों के खेल को करीब से देखने और उनसे सीखने का सुनहरा अवसर मिलेगा। खेल निदेशालय की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता करीब एक सप्ताह तक चलेगी। यदि सितंबर में मानसून के कारण लगातार बारिश होती है तो प्रतियोगिता का आयोजन अक्तूबर में कराया जाएगा।
प्रतियोगिता के मुकाबले सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, पुलिस लाइन मैदान और एक निजी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले जाएंगे। स्थानीय युवा खिलाड़ियों को प्रदेश के बेहतरीन बल्लेबाजों, गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों की तकनीक को नजदीक से देखने का मौका मिलेगा। इससे उनके खेल कौशल में सुधार के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव भी बढ़ेगा।
विज्ञापन

प्रांतीय प्रतियोगिता दिलाएगी मान
खेल विभाग आयोजन की तैयारियों में जुट गया है। मैदानों की गुणवत्ता सुधारने, पिच तैयार कराने, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने के साथ भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी की प्रेरणा मिलेगी।

जिले में खेल के अवसर कम है पर यह बड़ी प्रतियोगिता जिले के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी। नजदीक से प्रदेश स्तर के खिलाड़ियों को खेलते देखने का अवसर मिलेगा। - ऋषभ सिंह, निवासी दौलतपुर।
राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आजमगढ़ में आयोजन हमारे जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए किसी बड़े अवसर से कम नहीं है। बल्लेबाजी की तकनीक, गेंदबाजी की विविधता और फील्डिंग की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। - विनीत विश्वकर्मा, निवासी दौलतपुर।
प्रतियोगिता से जिले के खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। अलग-अलग मंडलों से आने वाले अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास और बातचीत का मौका मिलेगा। उनके खेल का तरीका देखकर अपनी कमियों को समझने और उन्हें सुधारने की प्रेरणा मिलेगी। - अभिषेक यादव, प्रशिक्षु खिलाड़ी सुखदेव पहलवान स्टेडियम।
किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़े खिलाड़ियों को सामने खेलते देखना सबसे बड़ी सीख होती है। इस प्रतियोगिता से हमें पता चलेगा कि उच्च स्तर के खिलाड़ी मैच के दबाव में किस तरह निर्णय लेते हैं और अपनी रणनीति बनाते हैं। - अबु सालिफ, प्रशिक्षु खिलाड़ी सुखदेव पहलवान स्टेडियम।
विज्ञापन

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन आजमगढ़ में होना हम सभी खिलाड़ियों के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजन जिले के खिलाड़ियों को बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने के साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने का काम करते हैं। यह प्रतियोगिता निश्चित रूप से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी। - सिराजुद्दीन, क्षेत्रीय खेल अधिकारी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें