आजमगढ़। जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मई माह में हुए निरीक्षण के दौरान 1472 परिषदीय विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके साथ ही 61 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले ब्लॉकों के पांच खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को भी नोटिस जारी की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव कुमार पाठक ने बताया कि मई माह में विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति में कमी देखी गई। इसको गंभीरता से लेते हुए 1472 विद्यालयों को नोटिस जारी की गई है। प्रधानाध्यापकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। वही विद्यालयों में 61 प्रतिशत से कम उपस्थिति को लेकर नगर क्षेत्र के बीईओ, अतरौलिया, मिर्जापुर, मार्टीनगंज और मेंहनगर के बीईओ को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में भी 1505 विद्यालयों में कम उपस्थिति के चलते नोटिस जारी की गई थी। बीएसए ने सभी विद्यालयों को उपस्थिति में सुधार लाने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति शिक्षा की गुणवत्ता के लिए आवश्यक है और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।