उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को अनुज कन्नौजिया के मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में स्थित घर पर कोर्ट का नोटिस चस्पा करा दिया गया। इस दौरान गांव के प्रधान व अनुज की भाभी मौजूद रहीं। इसके साथ ही डुग्गी बजा कर गांव वालों को भी नोटिस के बारे में जानकारी दे दी गई। उन्होंने बताया कि नोटिस में अनुज को 25 जून तक कोर्ट में हाजिर होने का समय दिया गया है। इसके बाद भी यदि वह हाजिर नहीं होता है तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्तार अंसारी के शूटर अनुज कन्नौजिया का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उस पर कुल 19 मुकदमे मऊ व गाजीपुर जिले में दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर गौर करे तो अनुज पर मऊ जिले के कोतवाली थाने में सर्वाधिक छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रानीपुर में पांच, दक्षिण टोला थाने में दो व चिरैयाकोट कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं। तीन मुकदमे गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाने में भी दर्ज हैं।
एसपी आजमगढ़ सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मुख्तार के खास शूटर अनुज के घर पर कोर्ट के आदेश पर आईओ प्रशांत श्रीवास्तव द्वारा बृहस्पतिवार को चिरैयाकोट मऊ स्थित आवास पर 82 का नोटिस चस्पा करा दिया गया है। डुग्गी बजवा कर गांव के लोगों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।