नगर पालिका परिषद कार्यालय के सभागार में सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते भाजपा जिलाध?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शासन से मनोनीत नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के पांच सभासदों को बृहस्पतिवार को पालिका कार्यालय के सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ एसडीएम सदर रावेंद्र सिंह ने दिलाई। शपथ ग्रहण करने वाले पांचों सभासदों में जूही श्रीवास्तव, विनय गुप्ता, अजय भारती, सुनील कुमार मिश्र व विनीत गौतम शामिल रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि मनोनीत सभासद विकास कार्यों को तरजीह दें। वह देखें कि जो भी विकास कार्य हो वह आमजन के अनुकूल होना चाहिए। पालिका प्रशासन के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित करें। शासन ने अपने स्तर से इसी लिए सभासदों को मनोनीत किया है कि वह निचले स्तर पर शासन से आने वाले विकास के धन पर निगरानी रख सकें। पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने विचार रखे। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रणीत श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी शुभनाथ प्रसाद ने आभार ज्ञापित किया। हरिवंश मिश्रा, शैलेन्द्र अग्रवाल, विवेक निषाद, अभिनव श्रीवास्तव, विशाल श्रीवास्तव, आनन्द सिंह, पवन सिंह मुन्ना, रामप्रताप सिंह मोनू, अजय मौर्या, अवनिश चतुर्वेदी, विनायक सिंह मौजूद रहे।
उधर, नगर पंचायत अतरौलिया के सभागार में भी नामित सभासदों को शपथ दिलाई गई। एसडीएम बूढ़नपुर दिनेश मिश्रा ने दिनेश मद्धेशिया, दुर्गावती और निजामुद्दीन को शपथ दिलाई। दो मिनट का मौन उन वीर शहीदों की याद में रखा गया जो लद्दाख में अपने देश के लिए प्राणों का बलिदान दिए। जयनाथ सिंह, सुभासचंद्र जायसवाल, ईओ अंजली वर्मा, रामाकांत मिश्र, रमेश सिंह रामू, सुनील पांडेय, चंद्रजीत तिवारी मौजूद रहे।