आजमगढ़। भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में नियुक्त 1495 शिक्षकों को वेतन के लिए इंतजार करना होगा। जब तक शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन नहीं हो जाएगा, शिक्षक वेतन नहीं पाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के दो चरणों में जिले मे 1495 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। पहले चरण में नियुक्त 1294 अध्यापकों की विद्यालयों में तैनाती कर दी गई है। दूसरे चरण में 151 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र पांच नवंबर 2020 को दिए गए। ये सभी 151 नवनियुक्त शिक्षक बीएसए कार्यालय में प्रतिदिन हाजिरी लगा रहे थे। कुछ दिन पूर्व इन्हें भी विद्यालय आवंटित कर दिया गया। इस बीच शासन स्तर से नवनियुक्त शिक्षकों के शैक्षिक दस्तावेजों के सत्यापन का निर्देश जारी किया गया है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आनलाइन और आफलाइन सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आनलाइन उपलब्धता वाले बोर्डों व विश्वविद्यालयों से निर्गत शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन आनलाइन कराया जा रहा है। अन्य बोर्डों व विश्वविद्यालयों को सत्यापन के लिए पत्र भेजे जा रहे हैं। कुछ जगहों पर पत्रवाहक भेज कर सत्यापन कराया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार का कहना है कि सभी शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। ताकि बाद में कोई परेशानी न सामने आए। प्रथम चरण में नियुक्त शिक्षकों के दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य पूरा होने को है। दूसरे चरण में नियुक्त शिक्षकों के अभिलेखों के सत्यापन में थोड़ा समय लगेगा।