आजमगढ़। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के नामांकन का कार्य युद्घस्तर पर जारी है। लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की ओर से स्कूल चलो अभियान रैली निकाली जा रही है। जिसका परिणाम है कि अब तक विद्यालयों में 51 हजार बच्चों का नया नामांकन हो चुका है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 हजार अधिक है।
सरकार की ओर से परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या बढ़ाने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। स्कूलों में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली जा रही है। घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें अपने बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार की ओर से बच्चों को स्कूलों तक लाने के लिए उन्हें ड्रेस, जूता, मोजा, बैग, मध्याह्न भोजन आदि दिया जा रहा है। जनपद में पिछले साल तीन लाख 69 हजार बच्चे परिषदीय विद्यासलयों में पंजीकृत हुए थे। लेकिन इस बार अभी तक इनकी संख्या तीन लाख 80 हजार से अधिक हो चुकी है। विभाग की मानें तो इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 12 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन हो चुका है। नए नामांकन की बात करें तो अब 51 हजार हो चुके हैँ। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ेगी। बीएसए अतुल कुमार सिंह जनपद में नए बच्चों के नामांकन का कार्य जारी है। अब तक 51 हजार नए बच्चों का नामांकन हो चुका है। जो पिछले साल की तुलना में 12 हजार अधिक है। इन बच्चों के डाटा को प्रेरणा पोर्टल पर फीड करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।