आजमगढ़। जनपद में नवजातों को अब न्यूमोनिया से होने वाले जान के खतरे से नहीं जूझना पड़ेगा। बच्चों को न्यूमोनिया से बचाने के लिए जनपद में यह टीका मुफ्त लगाया जाएगा। न्यूमोकोकल बैक्टीरिया से होने वाले न्यूमोनिया और अन्य बीमारियों से बचाव के लिए पूरी तरह सुरक्षित व असरदार इस टीके की शुरूआत मोहम्मदपुर व अतरौलिया सहित अन्य ब्लाकों में शुरू हो गई।
मोहम्मदपुर में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संतोष नारायण गुप्त तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) डा. सिद्धार्थ शंकर ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान डा. सिद्धार्थ शंकर ने पीसीवी वैक्सीन और विटामिन-ए के बारे में उन्हें विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि न्यूमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी वैक्सीन का इंजेक्शन लगाया जा रहा है। अभी तक यह वैक्सीन प्राइवेट में ही उपलब्ध थी और बहुत महंगी थी। ब्लॉक में 19 हजार 200 बच्चों को खुराक देने का लक्ष्य है।
अतरौलिया के 15 उपकेंद्रों पर हुई शुरूआत
आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) अतरौलिया प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) डा. शिवाजी सिंह पीसीवी वैक्सीन और बाल स्वास्थ्य पोषण माह दोनों का उद्घाटन किया। अतरौलिया के ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) शिव कुमार यादव ने बताया कि अतरौलिया में कुल 19 उपकेंद्रों पर शुरुआत होनी थी जिसमें से 15 उपकेंद्रों पर आज शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि पीसीवी वैक्सीन से न्यूमोनिया, कान का संक्रमण, खून का संक्रमण, दिमागी बुखार, साइनोसाइटिस, ब्रोंकाइटिस से रक्षा होगी। डा. सुभाष मौर्या, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार, डा. अमरजीत व एएनएम गिरिजावती सहित आदि उपस्थित थे।