आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी की चुनाव ड्यूटी के दौरान अबूझ हाल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गय। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मातबरगंज मुहल्ला स्थित स्वीपर बस्ती निवासी वीरेंद्र (55) नगर पालिका में बतौर सफाईकर्मी पद पर तैनात था। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उसकी ड्यूटी अतरौलिया ब्लाक क्षेत्र में लगी थी। रविवार को वह पोलिंग पार्टी के साथ अपने निर्धारित बूथ पर गया था। सोमवार को उसने मतदान कार्य कराने के बाद देर शाम वह मत पेटिका जमा करने साथी कर्मचारियों के साथ ब्लाक मुख्यालय पर बने स्ट्रांग रूम पर पहुंचा। स्ट्रांग रूम पर ही उसकी तबीयत खराब हुई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चुनावकर्मी की मौत से मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सूचना नगर पालिका प्रशासन को दी गई। सूचना पर अधिशासी अधिकारी शुभनाथ प्रसाद व चेयरमैन प्रतिनिधि प्रणीत श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। अतरौलिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मंगलवार को नपा परिसर पर शोकसभा का आयोजन कर मृत सफाई कर्मचारी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की गई।