आजमगढ़। फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए सोमवार को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोफीपुर सरूपहा गांव के पोलिंग बूथ पर कुछ लोगों ने अराजकता का माहौल बनाया था और पोलिंग पार्टी को धक्का देते हुए अंदर घुस कर बैलेट बाक्स में पानी डाल दिया था। इस मामले में पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर नौ नामजद समेत बीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें से तीन अभियुक्तों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
सोफीपुर सरूपहा के बूथ संख्या 255 व 256 पर सोमवार को वोटिंग के दौरान जम कर हंगामा हुआ था। फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने जहां बैलेट बाक्स में पानी डाल दिया था तो वहीं पीठासीन अधिकारी के पास से मतपत्र का वह हिस्स लूट ले गए थे जो उनके पास सुरक्षित रखा होता है। पुलिस के पहुंचने पर अराजकता फैलाने वाले मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में पीठासीन अधिकारी नासिर अहमद ने देवगांव कोतवाली में संजय यादव समेत नौ नामजद व बीस अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी। नामजद तीन अभियुक्तों रूपेश यादव, जय बहादुर यादव व रतन लाल सरोज निवासी सरूपहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।