आजमगढ़। नगर क्षेत्र के मुरली मल्टीप्लेक्स का संचालन शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। यहां सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोजपुरी फिल्म के साथ इसका शुभारंभ होगा।
मार्च से शुरू हुए कोरोना काल के कारण 20 मार्च से यह बंद हो गया। सरकार की ओर से 15 अक्टूबर से इन्हें खोलने की इजाजत दे दी गई। लेकिन लाइसेंस रीनिवल की प्रक्रिया पूरी न होने के कारा इसे 15 अक्टूबर से नहीं खोला जा सका था लेकिन अब सारी प्रक्रिया और तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार से दर्शक इसमें तीन शो में अपनी मनपसंद फिल्मों का आनंद उठा सकेंगे। पहले इसमें कुल चार शो संचालित होते थे। लेकिन कोरोना को देखते हुए प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। मुरली मल्टीप्लेक्स के व्यवस्थापक यतीश सिंह ने बताया कि मुरली मल्टीप्लेक्स की साफ-सफाई पूरी हो गई है। लेकिन लाइसेंस का रीनिवल नहीं हो सका था जो अब हो गया है। अब शुक्रवार से सिनेमा के शौकीन इसमें तीन शो फिल्मों का आनंद उठा सकेंगे।
यह होगी व्यवस्थाएं
आजमगढ़। यहां एक सीट को छोड़कर लोगों को बिठाया जाएगा। लेकिन अगर कोई अपने परिवार के साथ जाता है तो उसे लगातार सीटें दी जाएंगी। गेट पर सैनिटाइजर के साथ लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। बिना मास्क के किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हर आने वाले के मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य होगा। मल्टीप्लेक्स का टिकट पूरी तरह से आनलाइन होगा। आफ लाइन टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे व्यक्ति का मोबाइल नंबर लेकर उसके मोबाइल पर टिकट नंबर भेजा जाएगा।