आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को लोकसभा आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 450 लोगों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सांसद ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में हो रही मौतें बेहद गंभीर विषय है और इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
बैठक के दौरान सांसद ने यूपीडा, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को तत्काल चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क की खामियां, संकेतकों की कमी या अन्य तकनीकी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। सांसद धर्मेंद्र यादव ने स्पष्ट कहा कि संबंधित विभाग अपनी सड़कों की गुणवत्ता सुधारें और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम रविंद्र कुमार, सीडीओ परीक्षित खटाना, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अतुल कुमार यादव, डीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सपा के विधायक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।