मुबारकपुर। नगर पालिका मुबारकपुर के नूरपुर बुतात मुहल्ले में रविवार की रात अपनी मां की डांट से क्षुब्ध युवक घर के पीछे नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात घूमकर घर आने पर मां ने डांटा था।
सोमवार की सुबह उसकी लाश लटकते हुए दिखी तो लोगों को जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत युवक रामानंद उर्फ पुलई (19) पुत्र कमला प्रसाद मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव का निवासी था। रामानंद बचपन से ही अपने ननिहाल नूरपुर बुतात मुहल्ले में रहता था।
कुछ दिन पूर्व रामानंद की मां सोहरावती मायके आई हुई थी। रविवार की शाम रामानंद घर पर अभी आता हूं कहकर निकला, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
परिवार के लोग भोजन करने के बाद सो गए। रात करीब पौने तीन बजे रामानंद कहीं से घूमकर घर आया तो उसकी मां सोहरावती देवी ने डांट दिया।
हालांकि रामानंद मां की बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया और भोजन करके सोने के लिए बिस्तर पर चला गया। सोमवार की सुबह रामानंद की लाश घर के पीछे नीम के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटकते हुए दिखी।
शव मिलने पर घर में कोहराम मचा गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और रामानंद की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।