आजमगढ़ जनपद में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरूण कांत यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर व्याप्त है।
जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को एफसीआई गोदाम में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरुण कांत यादव को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया।
विक्रांत सिंह रिशु को 4075 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अरूण कांत यादव को 1262 और सपा के राकेश यादव को 356 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विक्रांत सिंह रिशु 2813 मतों से विजयी घोषित किए गए।