Azamgarh News: आजमगढ़ में सपा सांसद और विधायक के लापता पोस्टर लगाए गए हैं। यहां टूटी सड़क की मरम्मत के लिए लगातार लोग प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। इसी को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं।
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद बाजार में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और विधायक आलमबदी आजमी के ‘लापता’ पोस्टर लगाए जाने से सियासी हलचल मच गई। पोस्टर में दोनों जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन
जानकारी मुताबिक यह विवाद कजराकोल और लाहिडीह मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर खड़ा हुआ है। लंबे समय से स्थानीय लोग सड़क मरम्मत और निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान न होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लोगों का कहना है कि सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन सांसद और विधायक ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की। वहीं, मामले में सपा विधायक आलमबदी आजमी के प्रतिनिधि ने सफाई देते हुए कहा कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव प्रमुख सचिव को सौंपा जा चुका है। हमें आश्वासन मिला है कि अगले सत्र में सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उधर, इस पोस्टर लगने की घटना से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और चर्चा तेज हो गई है।