गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश एक महिला से मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। बरदह थाना क्षेत्र के देहदुवार गांव निवासी शर्मिला गुप्ता ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे अपने घर से मायके रानी की सराय जा रही थीं। जैसे ही वह लहबरिया बाजार पहुंचीं, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र नोच लिया और ओवरटेक करते हुए भाग निकले।
घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल 1076 पर कॉल कर सूचना दी और थाना गंभीरपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी। थानाध्यक्ष गंभीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिल गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद