पुरानी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात नशे में धुत मनबढ़ों ने दुकानदार पर फायरिंग की। जिससे वहां हड़कंप मच गया। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से भयभीत दूकानदार अपनी-अपनी दूकानें बंद कर भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो गए।
मंगलवार की रात शहर के पुरानी कोतवाली मुहल्ले में मिठाई के दूकानदार ग्राहकों के इंतजार में दूकानें खोले हुए थे। रात करीब सवा दस बजे एक काले रंग की स्कार्पियो में सवार चार पांच की संख्या में लोग उतरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी के पास पिस्टल, तमंचा थे। नशे में धुत यह लोग एक मिठाई की दूकान में घुसे और दूकानदार के कनपटी पर पिस्टल सटा दिया। कुछ देर के लिए तो दूकनदार हतप्रभ रह गया।
उधर, दूकानदार के साले ने जब विरोध किया तो मनबढ़ों ने उसकी तरफ भी बंदूक तान दी। इसी दौरान बदमाशों ने हवा में फायरिंग कर दहशत पैदा कर दी। फायरिंग होते देख दूकानदार और मौजूद लोग भाग खड़ हुए।
इसी बीच घटना की सूचना पाकर पुलिस भी वहां पहुंच गई। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए थे। फायरिंग से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
लोगों में घटना के प्रति गुस्सा देखा गया। उनका कहना था कि त्योहार के दौरान पुलिस को सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। शहर कोतवाल मो. ईसा खां ने बताया कि बदमाशों की काफी देर तक तलाश की गई।
लेकिन वह नहीं मिले। बहरहाल घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। ना ही किसी ने तहरीर ही दी है।