आजमगढ़। ठंड बढ़ने के साथ ही चोरों की सक्रियता भी बढ़ गई है। शनिवार की रात रानी की सराय व अहरौला थाना क्षेत्रों में चोरो ने सराफा व किराना की दुकानों से लाखों का माल पार कर दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के शेरवां पुरवा गांव निवासी अंकित मद्धेशिया ने रोवां बाजार में आजमगढ़-लखनऊ मुख्य मार्ग पर सराफा की दुकान खोल रखी है। वह शनिवार की रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने दुकान का ताला चटका दिया और सारा माल समेट कर फरार हो गए। रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने ताला टूटा देखा तो सूचना अंकित को दी। अंकित ने बताया कि गल्ले में रखे 13 हजार रुपयों के अलावा 700 ग्राम चांदी व 15 ग्राम सोना चोर ले गए। पीड़ित के अनुसार लगभग सवा लाख की चोरी हुई है। सूचना पर रानी की सराय पुलिस मौके पर पहुंच कर मुआयना भी किया। अहरौला संवाददाता के अनुसार थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित अहरौला कस्बा निवासी पवन अग्रहरि की किराना की दुकान से चोर हजारों की नकदी व सामान चुरा ले गए।