खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने बेलइसा क्षेत्र में स्थित फूड के दो बड़े एजेंसी धारकों के यहां से छह ब्रांडों और गंभीरपुर बाजार के दो दूकानों से दूध, छेना, कोटिला बाजार के एक दूकान से सेंवई के नमूने लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अधिकारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि अग्रवाल एसोसिएट और वीएस एजेंसी से ताजा चाय, ग्लूको प्लस सी, किसान ब्रांड का टोमैटो केचप, इसी ब्रांड का मैंगो जैम, धारा ब्रांड का सरसों तेल, डाबर के शहद का नमूना लिया।
इसके अलावा गंभीरपुर बाजार में स्थित दो बड़ी दूकानों से दूध और छेना और कोटिला बाजार में स्थित किराने की बड़ी दूकान से सेंवई की सैंपलिंग की गई है। बुधवार को अधिकारियों की टीम बाजारों में पहुंचने से हड़कंप मच गया था। इस दौरान ज्यादातर दूकानदार दूकानों के शटर गिराकर भाग गए।
सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त आरपी गोस्वामी के निर्देश पर इन दूकानों से नमूने लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोग शाला लखनऊ भेजवा दिया गया। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।