आयुर्वेद दिवस पर निकाली गई रैली में शामिल छात्राएं। स्रोत-सूचना विभाग
11वें आयुर्वेद दिवस पर बुधवार को जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम के तहत विद्यार्थियों और आमजन को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के इतिहास, महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। आयुर्वेद से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी कराई गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से ‘रन फॉर आयुर्वेद’ रैली से हुई। रैली नगर पालिका चौराहा होते हुए नगर आयुर्वेद चिकित्सालय एलवल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में शामिल लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आयुर्वेद को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
रैली के समापन के बाद नगर आयुर्वेद चिकित्सालय एलवल में भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम शुरू किया गया। यहां चिकित्सा एवं प्रकृति परीक्षण शिविर लगाया गया।
चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और खान-पान व दिनचर्या में आयुर्वेदिक सिद्धांत अपनाने की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया।
चिकित्सकों ने पौधों के औषधीय महत्व और उनके संरक्षण की जानकारी दी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी की ओर से नामित नोडल अधिकारी डॉ. समीर कुमार गुप्ता, डॉ. आरेश पटेल, डॉ. अरुण कुमार पांडेय समेत आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहा।