बलरामपुर। कप्तानगंज कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पर सोमवार को डिलेवरी के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर अस्पताल के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है।
कप्तानगंज कस्बा की रहने वाली 22 वर्षीया संजू यादव पत्नी दुब्बर की डिलेवरी होनी थी। परिजनों ने उसे कस्बा स्थित क्लिनिक पर भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि भर्ती करने के बाद डॉक्टर ने संजू को एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद ही उसकी हालत गंभीर होने लगी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने रेफर करने के बजाए 40 हजार रुपये भी जमा करा लिया। देर शाम सात बजे संजू की अस्पताल पर ही मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल पर हंगामे की सूचना पर कप्तानगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। मृतका के भाई कन्हैया ने पुलिस को अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी जिसके आधार पर पुलिस ने अस्पताल के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।