आजमगढ़। सिधारी हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास रविवार की भोर में एक विवाहिता ने मालगाड़ी के आगे कूद कर जान दे दी। घटना के पीछे कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली के रैदोपुर मुहल्ला निवासी 26 वर्षीया सुमन मौर्या पत्नी आनंद रविवार भोर में सिधारी हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गई। काफी देर तक वह स्टेशन पर बैठी थी। इसी दौरान ट्रैक से गुजर रही मालगाड़ी के सामने अचानक से वह कूद गई। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के पीछे कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। सूचना पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए थे लेकिन किसी ने भी कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं लगाया है। प्रभारी निरीक्षक सिधारी विनय मिश्रा ने बताया कि मृतका के मायके व ससुराल वाले पोस्टमार्टम कराने को भी तैयार नहीं थे। विवाहिता ने आत्महत्या क्यों की यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। फिलहाल पारिवारिक कलह की चर्चा सामने आई है।