निजामाबाद थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात मनबढ़ो ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए एक माह पूर्व निर्मित चाहरदीवारी को ढहवा दिया। जबकि ढहाई गई चाहरदीवारी का निर्माण तहसीलदार के आदेश पर कराया गया था। मनबढ़ों द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने से गांव में दहशत व्याप्त है।
फत्तनपुर गांव निवासी गजराज यादव और अनीश पुत्र चुन्ने, जुुहैर पुत्र यावर हुसैन के बीच काफी दिनों से जमीनी विवाद है। तहसीलदार निजामाबाद के आदेश पर एक माह पूर्व अनीश और जुहैर ने बाउंड्री वाल का निर्माण कराया था। बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच बृहस्पतिवार को जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद देर रात गजराज यादव भारी भीड़ के साथ मौके पर पहुंचा, इसके बाद निर्मित चाहरदीवारी को ढहा दिया। ग्रामीणों की मानें तो मनबढ़ों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग किया गया। दो समुदायों के बीच का मामला होने से रात में ही निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके साथ ही गजराज व प्रदुम यादव को पकड़ कर थाने लेकर चली गई। थानाध्यक्ष निजामाबाद यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि फायरिंग की घटना गलत है। दीवार ढहाने के मामले में चार लोगों के विरुद्घ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया गया है।