रानी की सराय थाना क्षेत्र के तमौली गांव में बृहस्पतिवार की रात नहर की पुलिया पर सो रहे राजेंद्र यादव (50) की नहर में डूबकर मौत हो गई। मृतक के पुत्र रमेश यादव ने बताया कि उसके पिता रात में नहर की पुलिया पर सो रहे थे।
इसी बीच वे नहर में गिर गए। उस समय वहां कोई नहीं था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। नहर के पास पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें नहर में गिरा हुआ देखा।
नहर से निकालकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पहुंची रानी की सराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजेंद्र यादव के दो पुत्र हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी। पुत्र की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।