फिरोजपुर गांव के पास नवजात का शव मिलने पर जांच करती फॉरेंसिक टीम। संवाद
निजामाबाद। थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव के पास बुधवार की दोपहर करीब दो बजे नहर किनारे झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को कुत्ते नोच रहे थे, जिससे आसपास दुर्गंध फैलने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास से डायपर व सिरिंज मिले हैं।
स्थानीय लोगों ने चौकीदार और ग्राम प्रधान को सूचना दी। चौकीदार विरेंद्र मौर्य ने थाने पर लिखित सूचना दी। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया नवजात शिशु करीब एक महीने का प्रतीत हो रहा है। शव झाड़ियों में फेंका गया था, जिसे कुत्तों ने बाहर खींच लिया था। मौके से कुछ दूरी पर एक डायपर के अंदर सिरिंज समेत अन्य सामग्री भी बरामद हुई है, जिसे फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की हत्या की गई है या किसी अन्य कारण से उसे यहां फेंका गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।