आजमगढ़ जिला जेल की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का खुलासा गुरुवार को तब हुआ जब कारागार में बंद मेरठ जिले के बंदी द्वारा वीडियो कॉल पर बात करने का मामला सामने आया। उसे आजमगढ़ जेल के हाई सुरक्षा बैरक में रखा गया है। यहां से वह वीडियो काल करके मेरठ के रहने वाले किसी अपने साथी से बात कर रहा था।
सर्विलांस के जरिए जानकारी सामने आने पर इसकी जांच डीआईजी जेल लखनऊ कर रहे हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आरके मिश्रा ने बताया कि जानकारी होने पर छापा मारा गया, लेकिन कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ। जिला कारागार के हाई सिक्योरिटी बैरक की सुरक्षा में सेंध लगाकर एक कुख्यात बंदी ने वीडियो कॉलिंग की।
दरअसल, जेल में निरुद्ध कुख्यात भूपेंद्र बाफर हत्या के मामले में बंद है। बताया जा रहा है कि उसने मुजफ्फरनगर के विवेक के साथ वीडियो कॉल पर बात की थी। इसका इनपुट वहां के एसएसपी अजय साहनी को मिला था। उन्हीं की शिकायत पर जानकारी सामने आई।