जहानागंज। थाना क्षेत्र के नेतापुर कारीसाथ गांव निवासी जिस युवक का घर वालों ने अपहरण होना बताकर थाने में प्रसपा के प्रदेश सचिव के बेटे और भतीजे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वह बृहस्पतिवार को स्वयं थाने पहुंच गया। पुलिस ने पीड़ित और आरोपियों का बयान दर्ज करने के बाद सभी को छोड़ दिया।
जहानागंज थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष विकास चंद पांडेय के मुताबिक थाना क्षेत्र के नेतापुर कारीसाथ गांव निवासी दिनेश यादव पुत्र घूरहू 22 मई को कहीं लापता हो गया। इस संबंध में दिनेश के भाई मनोज ने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें अपने गांव के प्रसपा के प्रदेश सचिव देवनाथ यादव के बेटे रणधीर, रणवीर सहित चार लोगों को आरोपित किया था। बृहस्पतिवार को दिनेश यादव स्वयं जहानागंज थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि मेरा किसी ने अपहरण नहीं किया था, बल्कि मैं स्वयं अपनी मर्जी से एक ट्रक से मिर्जापुर चला गया था। इस बात की जानकारी होने पर जहानागंज थाने में प्रसपा के नेताओं का जमावड़ा हो गया। सभी के समक्ष पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान रिकार्ड करने के बाद सभी को छोड़ दिया। उधर प्रसपा के प्रदेश सचिव देवनाथ यादव ने बताया कि पुलिस बगैर कोई जांच पड़ताल किए ही मेरे परिवार को प्रताड़ित किया। जबकि हम लोगों से कोई मतलब ही नहीं था।