माफिया मुख्तार अंसारी की सोमवार को गैंगेस्टर कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान मुख्तार ने जेल में उत्पीड़न और जेल मैनुअल के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया। पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई। इस मामले में सुनवाई की अगली तिथि 26 अगस्त नियत की गई है।
तरवां थाना क्षेत्र के ऐराखुर्द गांव में सड़क निर्माण के ठेके को लेकर मुख्तार गैंग ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर हमला किया था। इस घटना में ठेकेदार तो बालबाल बच गया लेकिन उसके दो मजदूरों को गोली लगी थी। जिसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में तरवां थाने में मुख्तार और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी घटना में मुख्तार व सहयोगियों पर गैंगेस्टर के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया। जब मुकदमा दर्ज हुआ तो उस समय मुख्तार पंजाब के रोपड़ जेल में बंद था। वहां से प्रदेश के बांदा जेल पहुंचते ही जिले के गैंगेस्टर कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई वीसी के माध्यम से शुरू हो गई। सोमवार को भी मुख्तार की पेशी थी। जिसमें उसने जेल में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जेल मैनुअल के हिसाब से टीवी आदि की सुविधा न दिए जाने का आरोप लगाया। जज ने आज की सुनवाई पुरी करते हुए अगली सुनवाई की अगली तिथि 26 अगस्त नियत की है।