आजमगढ़। बलरामपुर विद्युत केंद्र से जुड़े बदरका फीडर की लाइट रात 11 बजे ठप हो गई। रात में बत्ती गुल होने के कारण लोग पूरी रात जगे रहने के लिए विवश हो गए। करीब 11 घंटे बाद सोमवार की सुबह महकमा बिजली आपूर्ति सुचारु कर सका।
शहर का बदरका सब स्टेशन पीएसी बलरामपुर उपकेंद्र से जुड़ा हुआ है। रविवार की रात 11 बजे के लगभग अचानक बत्ती गुल हो गई और फिर पूरी रात बिजली नहीं आई। मच्छरों के प्रकोप के बीच इस फीडर से जुड़े बदरका, कुंदीगढ़, दलसिंगार, पांडेय बाजार, पहाड़पुर समेत आधा दर्जन से अधिक मुहल्लों के लोग रतजगा करने को विवश हो गए। सोमवार की सुबह 10 बजे के लगभग महकमा सप्लाई चालू कर सका। बिजली न होने से सुबह जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। इसके चलते लोगों को पानी के संकट का सामना करना पड़ा। विद्युत निगम के अवर अभियंता रमाकांत ने बताया कि बलरामपुर विद्युत केंद्र से बदरका फीडर की लाइन पर लगी मशीन में आग लग गई थी। जिसके चलते इस फीडर की लाइन बंद हो गई। रात का वक्त होने के चलते उसकी रिपेयरिंग नहीं की जा सकी। सुबह से बिजली कर्मियों की टीम लगी रही और सुबह 10 बजे के करीब आपूर्ति शुरू कर दी गई।