शहर के पहाड़पुर स्थित बंद हीरो होंडा का शोरुम, बाहर लोगों की भीड़।
पहली अप्रैल से बीएस-3 वाहनों की बिक्री और पंजीकरण पर कोर्ट के प्रतिबंध के बाद विभिन्न वाहन एजेंसियों ने गुरुवार को ही ज्यादातर कार, बाइक, स्कूटी आदि बेच दी। शुक्रवार को बाइकों पर भारी छूट का आफर दिए जाने के कारण लोग बाइक, स्कूटी खरीदने के लिए एजेंसियों पर उमड़ पड़े।
अदालत के फैसले के बाद गुरुवार और शुक्रवार को जिले में करीब पंद्रह करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ ही एजेंसियों पर कुछ बाइक, स्कूटी शेष बची थी। देर रात तक लोग गाड़ी खरीदने की लालच में एजेंसी के बाहर जमे रहे।
बता दें कि दोपहिया बीएस 3 वाहनों से प्रदूषण फैलने वाले तत्व अधिक निकलने के चलते सुप्रीम कोर्ट ने एक अप्रैल से बीएस 3 वाहनों की विक्री और पंजीकरण पर रोक लगा दी है। बुधवार को अदालत की तरफ से जारी निर्देश की जानकारी होने के बाद से ही ज्यादातर बाइक एजेंसी मालिक अपने करीबियों, नात रिश्तेदारों को सस्तेदर पर बाइक दे दिया। कई लोगों को उधार भी दे दिया गया।
अदालत के फैसले के बाद बाइक कंपनी के मालिक अपने पुराने वाहनों को खपाने के उद्देश्य से कार, बाइक और स्कूटी के दामों में पंद्रह से बीस हजार रुपये तक छूट पर बेचने की स्कीम लागू कर दिया। गुरुवार को इस विषय में लोगों को कम जानकारी होने की वजह से देर शाम तक महज दो सौ से अधिक बाइक, स्कूटी और बीस से अधिक कार बिके। लेकिन शुक्रवार की सुबह से ही एजेंसियों के बाहर बाइक खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। शादी ब्याह के अवसर पर बाइक, स्कूटी और कार की खरीदारी में छूट मिलने से लोग ज्यादा इच्छुक थे। लेकिन एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में बाइक न होने की वजह से जल्द ही खत्म हो गई।
एआरटीओ बीके पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को 600 बाइक का रजिस्ट्रेशन हुआ। गुरुवार से अब तक करीब पंद्रह करोड़ रुपये से अधिक का वाहनों का कारोबार होने का अनुमान है। सही आंकड़ों की जानकारी शनिवार को मिलान करने के बाद ही हो सकेगा।
लालगंज बाजार में तुबा बाइक एजेंसी के प्रोपराइटर मो. ताहिर ने बताया कि बुधवार की रात बीएस 3 बाइक बंद होने की जानकारी हुई तो गुरुवार को हमने अपने कई परिचितों को उधार में ही गाड़ी दे दिया। जो तीन चार बाइकें बची हुई थी। वह शुक्रवार की सुबह एजेंसी खुलने से पहले ही बिक गईं। हमारे यहां मौजूद अब बीएस 4 बाइकें ही बची हैं।