रोजवेज पर बाइक सवारों की जांच करती पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या प्रदेश में तेजी से बढ़ रही है। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने लॉक डाऊन का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। सीएम के निर्देश पर बुधवार को जनपद पुलिस कुछ ज्यादा ही सक्रिय नजर आयी। सड़कों पर चल वाहनों को रोकने की कवायद में जहां तेजी आ गई तो वहीं वाहन लेकर तफरी करने वालों के चालान काटने की भी कवायद की गई। कई वाहनों को पूरे जिले सीज भी किया गया। पुलिस की सक्रियता का असर भी नजर आया।
जनपद में लॉक डाऊन के बाद भी भीड़ पर नियंत्रण नहीं हुआ था। 12 बजे तक तो पूरे शहर में स्थित सामान्य दिनों की तरह ही नजर आती थी। दो व चार पहिया वाहन तो दिन भर सड़कों पर फर्राटा भरते थे। इस बीच जिले में तो संदिग्ध कोरोना मरीज मिलने की संख्या में कोई खास बढ़ोत्तरी तो नहीं हुई बल्कि तीन दिनों से जिले में एक भी संदिग्ध सामने नहीं आया है। लेकिन प्रदेश व देश में कोरोना संदिग्ध ही नहीं बल्कि पॉजीटिव मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लॉक डाऊन का अनुपालन सख्ती से कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बुधवार को जनपद पुलिस व प्रशासनिक अमला काफी सक्रिय नजर आया। बुधवार को सुबह से ही शहर के साथ ही पूरे जिले में पुलिस ने जगह-जगह चेक प्वाइंट बना कर बाइक व चार पहिया वाहनों के संचालन पर रोक लगाना शुरू कर दिया। रोडवेज तिराहे पर दर्जनों की संख्या में पुलिस के जवान मौजूद थे। बाइकों से आ रहे लोगों को रोक रहे थे। काफी संख्या में वाहनों का चालान किया गया तो वहीं कई वाहन सीज भी किये गये। सीएम के निर्देश पर पुलिस सख्ती काअसर भी देखने को मिला और लॉक डाऊन का असर जिले में देखने को मिला।