15 एसटीएफ व पुलिस की ओर से पकड़े गए शराब तस्करी के दोनों आरोपी। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 232 किमी टोल प्लाजा के पास सोमवार को पुलिस, आबकारी विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लगभग एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद की। दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों भीमा राम और योगेश कुमार, निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया। शराब बिहार चुनाव में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में 13 अक्तूबर को यह कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार कन्नौजिया और एसटीएफ निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक कंटेनर में शराब बिहार भेजी जा रही है। टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 232 किमी टोल प्लाजा के पास वाहन को रोका। तलाशी में एक ही ब्रांड की 537 पेटी शराब मिली। इनमें 2724 बोतलें 750 मिली, 4032 बोतलें 375 मिली और 6816 बोतलें 180 मिली की हैं। जांच में खुलासा हुआ कि शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड और वाहन के चेसिस नंबर में फर्जीवाड़ा किया गया था।
एसपी सिटी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आशु और राहुल नामक तस्करों के कहने पर चंडीगढ़ से बिहार शराब ले जा रहे थे। उनके पास से 4600 रुपये, दो मोबाइल फोन और कंटेनर वाहन जब्त किया गया। इस संबंध में थाना कंधरापुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है। पकड़ा गया भीमा राम राजस्थान के थाना ग्रामीण बाड़मेर सोमानी के धडीक गांव और योगेश कुमार बाड़मेर के धोरीमना थाना क्षेत्र के कातरला गांव का निवासी है।