मेंहनगर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गंजोर गांव में लेखपाल ने बिना किसी अनुमति के ही तीन हरे पेड़ को कटवा डाला। ग्रामीणों व प्रधान प्रतिनिधि की सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो वह भाग खड़ा हुआ। वहीं पुलिस मजदूरों को मौके से थाने उठा ले गई।
तहसील मुख्यालय से चंद कदम की दूरी पर ही गंजोर गांव स्थित है। शुक्रवार को हल्का लेखपाल बिना किसी की अनुमति के ही तीन हरे पेड़ मजदूर लगवा कर कटवा दिया। जानकारी होने पर प्रधान प्रतिनिधि सौरभ सिंह व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध किया तो लेखपाल उन पर भड़क उठा। इस पर प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचते ही लेखपाल मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके से पेड़ की कटाई में लगे मजदूरों को पकड़ कर थाने ले गई। इस बाबत एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी से पूछा गया तो उन्होंने पेड़ काटे जाने की बात संज्ञान में नहीं होने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि बिना किसी आदेश निर्देश के पेड़ काटे गए है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।