पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी भीषण गर्मी से रविवार को राहत मिली। दोपहर बाद बदली छा गई और शाम को जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि शहर में हुई बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई। वहीं, सगड़ी क्षेत्र में बारिश के साथ आई आंधी के चलते बिजली के पोल, तार और कई स्थानों पर पेड़ टूट कर गिर गए। सड़कों पर पेड़ और खंभे गिरने से कई रूटों पर आवागमन बाधित रहा और बिजली आपूर्ति ठप रही।
विगत कई दिनों से जनपद में पड़ रही गर्मी का क्रम रविवार को और ज्यादा महसूस हुआ। सुबह से उमस के कारण लोगों का बुरा हाल था। पूरे दिन रह-रहकर बिजली कटती रही। दोपहर बाद लगभग डेढ़ बजे से बादलों ने आसमान में डेरा डाला और तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को राहत तो मिली लेकिन उमस बरकरार रही। नगर के आसपास हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं के प्रभाव से लोगों को उमस से राहत मिली।
सगड़ी क्षेत्र के रौनापार थाना क्षेत्र में बारिश और आंधी ने गर्मी से राहत तो पहुंचाई लेकिन लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दी। आंधी के दौरान लाटघाट-रौनापार मार्ग पर कई स्थानों पर बिजली के पोल और कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर धराशायी हो गए। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए तो कई लोगों के घरों के टिनशेड और छप्पर भी उड़ गए।
लाटघाट संवाददाता के अनुुसार, लगभग ढाई बजे आई बारिश और तूफान में दर्जनों पेड़ गिर गए। लोगों के मंड़ई और टिनशेड उड़ गए। बिजली के तार और खंभे गिरने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। मनिकाडीह में कवलभान पटेल और अतरकच्छा में जमील का पक्का मकान ध्वस्त हो गया। रौनापार-लाटघाट मार्ग पर चार स्थानों पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा।
क्षेत्र के चांदपट्टी, रौनापार, खोजौली, बेलकुंडा, बघावर, रोहुआर, बैदौली, घाघरा, सतना, सरैना आदि गांवों में काफी नुकसान हुआ है।
मालटारी संवाददाता के अनुसार, सगड़ी तहसील क्षेत्र में रविवार को दोपहर बाद तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। क्षेत्र के पिपरहा गांव निवासी शिवचंद मौर्य का टिनशेड उड़ गया। आम और महुआ का पेड़ धराशायी हो गया। भीमबर, पतीला गौसपुर, सरगहा सागर, बर्नापुर, बीबीपुर सहित कई गांवों में तेज हवा के साथ आंधी तूफान आने से कई पेड़ धराशायी हो गए। रामगढ़, विजयापार, दान शनिचरा, बिलरियागंज, पूरा बाल नारायण, गंगापुर, बांसगांव, मालटारी, कुदारन तिवारी, बाजार गोसाईं, मनिकाडीह आदि स्थानों पर तेज हवा के साथ अच्छी बारिश हुई।
मेजवां संवाददाता के अनुसार, फूलपुर क्षेत्र में रविवार को भारी उमस के बाद मौसम ने एकाएक करवट ली और आंधी के साथ हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इसके चलते रोजेदारो को काफी राहत मिली। तेज आंधी और बारिश के कारण शाहगंज-आजमगढ मार्ग पर जगदीशपुर और करछा गांव के पास रोड पर पेड़ गिर गए। जिसके चलते घंटों आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने मार्ग से पेड़ काट कर हटाया तो वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। क्षेत्र के चमांवा, दसमड़ा, माहुल, अंबारी, जगदीशपुर, लाहीडीह, मुड़ियार, शाहजेरपुर आदि इलाकों में हुई बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। अतरौलिया क्षेत्र में भी एक घंटे तक अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।