कानपुर घटना को लेकर गिरजा घर चौराहे पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
कानपुर में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से खुद को विरत रखा। उन्होंने शासन विरोधी नारेबाजी करते हुए गिरजाघर चौराहे पर करीब 10 मिनट तक चक्का जाम भी किया।
प्रदर्शन से पहले दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। संघ के उपाध्यक्ष हरिकेश यादव ने बैठक की अध्यक्षता की। सहमंत्री देवदत्त गोंड ने बैठक का संचालन किया। बैठक में कानपुर में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने इस कार्रवाई पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
बैठक के बाद अधिवक्ता जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए गिरजाघर चौराहे पहुंचे। उन्होंने करीब 10 मिनट तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी अधिवक्ता वापस दीवानी न्यायालय परिसर लौट गए। अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन के चलते मंगलवार को न्यायालय में न्यायिक कामकाज प्रभावित रहा। इस कारण कई मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी। वादकारियों को बिना सुनवाई के वापस लौटना पड़ा। न्यायालय परिसर में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा।