डाला छठ के पर्व पर कटाई स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित पारंपरिक विराट दंगल एवं मेले में आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, गाजीपुर और जौनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 70 जोड़ी पहलवानों ने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल में महिला पहलवानों की दो जोड़ियों ने भी जोर आजमाइश की।
दंगल का प्रमुख मुकाबला जिले के चकवारा के विकास और वाराणसी के विशाल के बीच हुआ। इसमें विकास ने शानदार दांव लगाकर विशाल को पटखनी दी। केराकत, जौनपुर के सुजीत ने सैदपुर, गाजीपुर के अजीत को चित किया।
सतीश अरयां, आजमगढ़ ने गौरव बहरीपुर, जौनपुर को और काजू केराकत, जौनपुर ने अरुण करमपुर, गाजीपुर को हराया। सूरज जौनपुर ने हार्दिक वाराणसी को पराजित किया।
इसके अलावा अंकुर भुजारी और दुर्गेश नीबी, भीम आजमगढ़ और उपेंद्र वाराणसी, कमल डीएलडब्ल्यू वाराणसी और राकेश विजयीपुर तथा आशीष केराकत और शिवम विजयीपुर के बीच मुकाबले बराबरी पर छूटे।
दंगल का शुभारंभ संत परमहंस दास महाराज ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कराया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्र उर्फ गुड्डू ने समापन किया।
उन्होंने कहा कि कटाई गांव का दंगल क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। दंगल में निर्णायक की भूमिका सुरेश यादव और योगेंद्र यादव ने निभाई। संचालन प्रधान वकील चौरसिया और जीत बहादुर सिंह ने किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं दंगल अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने अतिथियों को माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा आभार जताया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मार्टिनगंज सौरभ सिंह बिनु, ब्लॉक प्रमुख लालगंज उद्धव सिंह सोनू, केडी राम, दीपक सिंह, मनोज गिरी, हेमंत सिंह, डॉ. अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।