साथी अधिवक्ता के उत्पीड़न से नाराज अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को जिला न्यायालय परिसर में प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। न्यायालय के पास सड़कों पर जाम लगा दिया। वकीलों ने सरायमीर पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने और आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। एएसपी चिराग जैन के आश्वासन पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।
सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामला सरायमीर थाना क्षेत्र का है। सरायमीर क्षेत्र के अधिवक्ता मेंहदी हसन की जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे है। मेंहदी के पास जमीन का कागजात है। उनकी जमीन की चहारदीवारी को विपक्षियों ने तोड़ दी। उन्होंने मामले की शिकायत सरायमीर थाने में की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की उदासीनता से विपक्षियों का मनोबल बढ़ गया है। वे लगातार मेंहदी को धमकी दे रहे हैं। विरेंद्र ने बताया कि इस मामले में एएसपी चिराग जैन से बात हुई है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यदि मामले कार्रवाई नहीं होगी तो पुलिस अधीक्षक से शिकायत की जाएगी। उधर, फूलपुर तहसील परिसर में तहसील बार एसोसिएशन के वकीलों ने प्रयागराज में अधिवक्ता के साथ मारपीट के विरोध में प्रदर्शन किया। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इससे पहले विनोद यादव की अध्यक्षता में पुस्तकालय में बैठक के दौरान जुटे अधिवक्ताओं ने प्रयागराज की घटना की निंदा की। इसके बाद अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय जाकर दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महामंत्री संजय यादव मौजूद रहे।