छप्पन करोड़ की लागत से अतरौलिया में बने सौ बेड के चिकित्सालय और मैटरनिटी विंग का उद्घाटन शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव और विधायक डा. संग्राम यादव ने किया। इस दौरान 591 मेधावियों में लैपटाप और श्रम विभाग की तरफ से पंजीकृत 400 श्रमिकों में साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षामंत्री बलराम यादव ने कहा कि अतरौलिया क्रांतिकारियों की धरती रही है, इसी धरती से राजा बेनी माधव, स्वतंत्रता सेनानी रामचरित्र सिंह जैसे वीर सपूत पैदा हुए। जिन्होंने अंग्रेजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
पहले लोग बेटियों को नही पढ़ाते थे, लेकिन इस बात को मुलायम सिंह ने परखा और उन्होंने कन्या विद्द्या धन देने का काम किया ताकि जो लड़किया पढ़ना चाहती हैं उनके सामने धन की समस्या न उत्पन्न हो। राज्यमंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि जो लोग इलाज के लिए बाहर जाया करते थे, इस अस्पताल के खुलने से अब क्षेत्र के लोगों का बाहर नहीं जाना पड़ेगा। रामदुलार राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 17 जातियों को अनुसूचित जाती में शामिल होने के लिए कैबिनेट में पास कर दिया, इन जातियों को कोई पूछने वाला नहीं था।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह ने इन जातियों को सम्मान दिया। विधायक डा. संग्राम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस चिकित्सालय में डाक्टरों की कमी नही होने देने का वादा किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामवृक्ष राजभर तथा संचालन हरिसेवक मिश्र ने किया। इस मौके पर एसडीएम बूढ़नपुर छेेदीलाल सिंह, नायब तहसीलदार विराग पांडेय, चंद्रशेखर यादव, सुबाष चंद जायसवाल, संजय मिश्र, चंद्रजीत यादव, महेंद्र यादव, शकील अहमद, जगदीश पांडेय, विक्की मद्धेशिया, सीयमयस एके मिश्र, शिवाजी सिंह, प्रवीण यादव आदि मौजूद रहे।