फूलपुर तहसील में नारेबाजी करते हुए चक्रमण करते अधिवक्ता।
- फोटो : azamgarh
अधिवक्ता टीएन पांडेय की भूमिधरी पर पुन: अवैध कब्जा करने और एसडीएम फूलपुर द्वारा एक मुकदमे में सामान्य तिथि देने के बाद भी न्यायसंगत आदेश पारित न करने से वकीलों में गुस्सा है। गुरुवार को विरोध में अधिवक्ताओं ने प्रर्दशन किया। इसके बाद संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ला के नेतृत्व में पूरे तहसील परिसर का चक्रमण किया। बाद में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर वकीलों ने मांगें पूरी होने तक न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया।
बार संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ला ने कहा कि दस जुलाई को सभी मुकदमों में सामान्य तिथि लगाई गई थी। बावजूद इसके उपजिलाधिकारी ने अनारा बनाम सलाहुद्दीन धारा 29/41 के मुकदमें में पैमाइश का आदेश पारित कर दिया, जो न्याय संगत नही है। पूर्व अध्यक्ष लालचंद यादव ने कहा कि वरिष्ठ अधिकवक्ता की भूमिधरी पर जबरन कब्जा करने के मामले में तत्कालीन उपजिलाधिकारी दिवाकर सिंह ने पैमाइश करवा निस्तारण करा दिया था। बावजूद इसके दंबगों ने पुन: कब्जा कर लिया है। प्रशासन के मौन रहने के कारण वकीलों में गुस्सा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामनरायन यादव ने कहा कि हमारी मांगे जब तक पूरी नही होगी यह विरोध जारी रहेगा। संचालन पूर्व अध्यक्ष रामनरायन यादव ने किया। इस मौके पर इंदूशेखर, इश्तिायक अहमद, लालचंद, रामनरायन यादव, कमलेश, अतुल कुमार, संदीप, मनोज कुमार, रामपलट, प्रदीप कुमार, देश उपेंद्र सिंह, सतीश चंद, आदि अधिवक्ता मौजूद थे।